भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने तोचिगी प्रान्त के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में 22 सितंबर को जापान के खिलाफ होने वाले भारत के टी20 इंटरनेशल मैच को नए क्षेत्रों में क्रिकेट के विस्तार के लिए एक अहम पल बताया है।
उन्होंने बताया कि यह मैच क्रिकेट को नए देशों और नए दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही, यह भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के जश्न की शुरुआत का प्रतीक होगा। सैकिया ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारत-जापान मैच सिर्फ एक क्रिकेट मैच से कहीं ज्यादा है। यह उस दिशा को दिखाता है जिसमें हमारा खेल वैश्विक महत्वाकांक्षा से वैश्विक हकीकत की ओर बढ़ रहा है। यह सफर शुरू हो चुका है और अभी बहुत कुछ होना बाकी है।"
'सुजुकी कप' के लिए खेला जाने वाला यह मैच 'स्पोर्ट 75' का मुख्य शुरुआती कार्यक्रम होगा। यह भारत और जापान के बीच खेल के आदान-प्रदान और सहयोग को मजबूत करने की एक द्विपक्षीय पहल है। सैकिया के लिए इस मैच का महत्व सिर्फ इस मौके तक ही सीमित नहीं है। वह भारत के इस दौरे को उन देशों के दर्शकों तक क्रिकेट पहुंचाने की एक बड़ी कोशिश के तौर पर देखते हैं जहां यह खेल अभी विकसित हो रहा है।