Sri Lanka: भारत के खिलाफ सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में जारी दूसरे टेस्ट मैच में आउट होने के बाद की गई हरकत के लिए श्रीलंकाई स्पिनर प्रभात जयसूर्या को दंडित किया गया है। आईसीसी ने मंगलवार को श्रीलंकाई खिलाड़ी को आधिकारिक फटकार लगाई गई और एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया।
जयसूर्या को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह अनुच्छेद अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट के सामान या कपड़ों, मैदान के सामान या फिक्स्चर और फिटिंग के दुरुपयोग से संबंधित है।
यह सजा दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन के खेल के अंत में स्पिनर की हरकत के बाद दी गई है। जयसूर्या को बतौर नाइटवॉचमैन मैदान पर भेजा गया था और बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने उन्हें आउट किया। पवेलियन लौटते समय उन्होंने अपने बल्ले से बाउंड्री वेज (विज्ञापन बोर्ड) पर मारा और गुस्से में अपने ग्लव्स भी फेंक दिए।