Sri Lanka: श्रीलंकाई बल्लेबाज सोनल दिनुषा को कोलंबो में खेले गए दूसरे मुकाबले का 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। सोनल ने इस मुकाबले की पहली पारी में 103 रन बनाए, जिसके बाद अगली पारी में नाबाद 133 रन जड़ते हुए मुकाबला ड्रॉ करवाया। दिनुषा अपने इस प्रदर्शन से बेहद खुश हैं।
सोनल ने इस सफलता का श्रेय टर्निंग ट्रैक (स्पिन के अनुकूल पिच) पर अपनी तैयारी को दिया है। इसके साथ ही उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों की तारीफ भी की।
सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में दर्शकों की जोरदार तालियों के बीच 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड लेने के बाद दिनुषा ने कहा, "सबसे पहले, मैं उन लोगों का जिक्र करना चाहता हूं जिन्होंने मुझे यहां तक पहुंचने में मदद की। मैं हमारे कोचिंग स्टाफ, अपने स्कूल कोच, प्रांतीय कोच और परिवार का भी जिक्र करना चाहता हूं। यह सब गाले और यहां की तैयारी के बारे में है; मुझे टर्निंग पिचों के बारे में अंदाजा था, इसलिए मैंने उसके लिए अभ्यास किया।"