IND vs WI 5TH T20I: भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बेहद करीब हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी टी20 सीरीज का पांचवा और आखिरी मुकाबला शनिवार (17 अक्टूबर) को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच के लिए भुवनेश्वर को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
भुवनेश्वर ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला करीब चार साल पहले खेला था। उन्हें वेस्टइंडीज सीरीज के आखिरी मैच में अचानक इसलिए शामिल किया गया है, क्योंकि चौथे टी20 मुकाबले के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बाएं कंधे पर चोट लग गई थी। हालांकि, अर्शदीप को सीरीज से बाहर नहीं किया गया है, लेकिन प्लेइंग इलेवन में उनकी उपलब्धता को लेकर फैसला मैच के करीब लिया जाएगा।
बेंगलुरु में शानदार है भुवनेश्वर का रिकॉर्ड
भुवनेश्वर कुमार का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रिकॉर्ड भी अच्छा रहा है। उन्होंने इस मैदान पर 22 टी20 मुकाबलों में 28 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 25.1 और इकॉनमी रेट 8.11 रहा है। भुवनेश्वर ने इस मैदान पर भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ 2012 में खेले गए एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 24 रन देकर तीन विकेट भी लिए थे। इसके अलावा, इस मैदान पर खेले गए अपने इकलौते वनडे मुकाबले में उन्होंने चार विकेट हासिल किए थे।