Bhuvneshwar Kumar Equals Mohammed Shami Record: आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन को पावरप्ले में आउट करते ही मोहम्मद शमी के एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (31 मई) को खेले जा रहे इस खिताबी मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार ने एक बार फिर नई गेंद से अपना जादू दिखाया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने गुजरात टाइटंस के इनफॉर्म युवा बल्लेबाज साईं सुदर्शन को 12 रन पर पवेलियन भेजकर एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली।
साईं सुदर्शन का विकेट भुवनेश्वर कुमार के लिए बेहद खास साबित हुआ। यह इस सीजन पावरप्ले के अंदर उनका 17वां विकेट था। इसके साथ ही उन्होंने मोहम्मद शमी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। शमी ने आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए पावरप्ले में 17 विकेट हासिल किए थे और अब भुवनेश्वर भी इस खास क्लब में शामिल हो गए हैं। जिसके चलते वह मोहम्मद शमी के साथ संयुक्त रुप से आईपीएल के एक सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।