मुंबई T20 लीग 2026 के रोमांचक फ़ाइनल में MSC मराठा रॉयल्स ने ARCS अंधेरी को 8 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। हालांकि, शनिवार, 13 जून को खेले गए इस मुकाबले में एक ऐसी घटना भी घटित हुई जिसने फाइनल का मज़ा थोड़ा किरकिरा कर दिया। दरअसल, फाइनल के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच काफी गहमागहमी देखने को मिली जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ये घटना लक्ष्य का पीछा कर रही अंधेरी की पारी के 19वें में देखने को मिली। अंधेरी के बल्लेबाज गौरव जाथर ने विपक्षी टीम के स्पिनर इरफान उमैर की दूसरी गेंद पर एक गगनचुंबी छक्का जड़ दिया। हालांकि, अगली ही गेंद पर इरफान ने शानदार वापसी की और गौरव जाथर को आउट कर दिया। गौरव जाथर के आउट होने के बाद मराठा रॉयल्स की टीम ने जोशीले अंदाज़ में विकेट को सेलिब्रेट करना शुरू कर दिया।
उनके जश्न से जाथर काफी नाखुश दिखे और जब वो पवेलियन की ओर जा रहे थे तभी बाउंड्री लाइन के पास मराठा रॉयल्स के तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे और जाथर के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। वो तो गनीमत रही कि डगआउट में बैठे सीनियर खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मैदान पर आ गया वरना दोनों के बीच हाथापाई भी हो ही चली थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।