AFG vs ZIM 2nd Test: जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी (Blessing Muzarabani) ने सोमवार (16 नवंबर) को अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट में इतिहास रच दिया। इससे पहले उनके देश का कोई भी क्रिकेटर ऐसा नहीं कर पाया था।
शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले की दूसरी पारी में मुजरबानी ने नंबर-10 पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक लगाया। 30 साल के मुजरबानी ने 63 गेंदों में अपना पहला टेस्ट अर्धशतक पूरा किया और 93 गेंदों में 59 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में 10 चौके और एक छक्का देखने को मिला। इसके साथ ही अब वह टेस्ट क्रिकेट में नंबर-10 पर बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाने वाले जिम्बाब्वे के पहले क्रिकेटर बन गए हैं।
मुजरबानी से पहले टेस्ट क्रिकेट में नंबर-10 पर बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड डोनाल्ड तिरिपानो के नाम था। उन्होंने जुलाई 2016 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हरारे में 162 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए थे। अब मुजरबानी ने 55 रन की नाबाद पारी खेलकर इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है।