Blessing Muzarabani Bowled Nahid Rana Video: जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला (ZIM vs BAN 1st T20) बुधवार, 15 जुलाई को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया था जहां मेजबान टीम जिम्बाब्वे ने 170 रन डिफेंड करके बांग्लादेश को 32 रनों से हार का स्वाद चखाया। गौरतलब है कि इस मुकाबले में जिम्बाब्वे की जीत के लिए ताबूत में आखिरी कील तेज गेंदबाज़ ब्लेसिंग मुज़ारबानी (Blessing Muzarabani) ने ठोका जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
ये घटना बांग्लादेश की पारी के 19वें ओवर में घटी। जिम्बाब्वे के लिए ये ओवर ब्लेसिंग मुज़ारबानी करने आए थे जो कि उनके कोटे का आखिरी ओवर भी था। इसी की आखिरी गेंद पर उन्होंने ऑफ स्टंप को टारगेट करके एक तेज रफ्तार फुलर गेंद डिलीवर किया जिसे देखकर नाहिद राणा के तोते उड़ गए और वो क्लीन बोल्ड हुए।
55 सेकंड के वायरल वीडियो में आप देख सकते हो कि मुज़ारबानी के हाथ से निकली गेंद स्टंप से टकराते ही उसे जमीन से बाहर निकाल देती हैं और फिर वो (स्टंप) हवा में गुलाटी मारकर जमीन पर गिरती है। नाहिद राणा का ये विकेट बांग्लादेश की पारी का भी आखिरी विकेट था जिसके गिरते ही मेहमान टीम की पारी समाप्त हो गई। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।