Blessing Muzarabani Vs Abhishek Sharma: भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) रविवार, 26 जुलाई को जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले (ZIM vs IND 3rd T20) में सिर्फ 04 गेंद ही मैदान पर टिक पाए और 02 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट जिम्बाब्वे के 6 फीट 8 इंच लंबे तेज गेंदबाज़ ब्लेसिंग मुज़ारबानी (Blessing Muzarabani) ने हासिल किया जो कि पूरी सीरीज में ही उन पर भारी दिखे।
अभिषेक शर्मा के काल बने ब्लेसिंग मुज़ारबानी: जिम्बाब्वे टूर पर अभिषेक शर्मा बुरी तरह फ्लॉप हुए और अपनी बैटिंग के दौरान सिर्फ और सिर्फ संघर्ष करते नज़र आए। इसका सबसे बड़ा कारण जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज़ ब्लेसिंग मुज़ारबानी हैं जिन्होंने ही तीनों मुकाबलों में अभिषेक शर्मा का विकेट लिया।
शायद आपको ये जानकर हैरानी होगी कि जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में अभिषेक शर्मा ने 20 गेंदें खेली और सिर्फ 11 रन जोड़े। वो तीन मैचों की सीरीज में महज़ दो चौके ही लगा पाए। अभिषेक पहले मुकाबले में 8 गेंदों पर 1 रन, दूसरे मुकाबले में 8 गेंदों पर 8 रन और तीसरे मुकाबले में 4 गेंदों पर 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे।