Cameron Gannon Diving Catch: मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में 37 वर्षीय कैमरन गैनन ने अपनी शानदार कैच से सभी का ध्यान खींच लिया। टेक्सास सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने आगे की ओर डाइव लगाकर साईतेजा मुक्कामल्ला का बेहतरीन लो कैच पकड़ा। उनका यह शानदार कैच सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया।
मेजर लीग क्रिकेट 2026 के 21वें मुकाबले में सोमवार (6 जुलाई) को सिएटल ऑर्कस और टेक्सास सुपर किंग्स की टीमें आमने-सामने थीं। इस मुकाबले में सिएटल ऑर्कस के 37 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी और पूर्व अमेरिकी तेज गेंदबाज कैमरन गैनन ने अपनी गजब की फुर्ती से ऐसा कैच लपका, जिसने मैच के शुरुआती ओवरों में ही महफिल लूट ली।
यह शानदार नजारा टेक्सास सुपर किंग्स की पारी के तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर देखने को मिला। गेंदबाजी कर रहे तेज गेंदबाज ओटनील बार्टमैन ने हार्ड लेंथ गेंद फेंकी, जिस पर साईतेजा मुक्कामल्ला ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की। हालांकि गेंद बल्ले के बीच में नहीं आई और उनका निचला हाथ भी शॉट के दौरान बल्ले से छूट गया, जिससे गेंद हवा में शॉर्ट मिडविकेट की ओर उछल गई।