आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों एक और करारी हार का सामना करना पड़ा। शनिवार, 2 मई को एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में चेन्नई ने 8 विकेट से शानदार जीत हासिल की। इस पिच पर रन बनाना आसान नहीं था, लेकिन गायकवाड़ के 48 गेंदों में बनाए गए सधे हुए 67* रन और बैटिंग क्रम में ऊपर भेजे गए कार्तिक के 40 गेंदों में बनाए गए 54* रनों की बदौलत चेन्नई ने तीसरे विकेट के लिए 98 रनों की अटूट साझेदारी करके ये जीत अपने नाम की।
इस हार के बाद हर मुंबई इंडियंस फैन के मन में एक ही सवाल है कि क्या उनकी टीम अब भी प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर सकती है तो चलिए आपके मन में चल रहे इसी सवाल का जवाब देने की कोशिश करते हैं। ये इस सीज़न में MI की नौ मैचों में सातवीं हार है। उन्होंने अब तक सिर्फ़ दो मैच जीते हैं और ये दोनों जीत कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटन्स के ख़िलाफ़ मिली हैं। इस हार के साथ ही MI के प्लेऑफ़ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग ख़त्म हो गई हैं; पिछले आठ मैचों में उनके खाते में सिर्फ़ एक जीत ही दर्ज है।
MI पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर खिसक गई है और उसके अभी पांच मैच और बाक़ी हैं। अगर MI अपने बचे हुए सभी पांच मैच जीत भी लेती है, तो भी वो ज़्यादा से ज़्यादा 14 पॉइंट्स तक ही पहुंच पाएगी। इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि वो प्लेऑफ़ में पहुंच ही जाएँगे, क्योंकि अब MI का भविष्य दूसरे मैचों के नतीजों पर भी निर्भर करेगा।अभी, PBKS 8 मैचों में 13 पॉइंट्स के साथ टॉप पर है, RCB दूसरे (9 मैचों में 12 पॉइंट्स), SRH तीसरे (9 मैचों में 12 पॉइंट्स) और RR चौथे (10 मैचों में 12 पॉइंट्स) स्थान पर हैं।