आईपीएल 2025 का तीसरा मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। इस हाईवोल्टेज मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए चेन्नई ने मुंबई को महज 155 रनों पर रोक दिया। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने 19.1 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। रोहित शर्मा बिना खाता खोले आउट हुए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने पारी संभाली, लेकिन नूर अहमद ने मुंबई की कमर तोड़ दी। नूर ने 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट लिए। खलील अहमद ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट निकाले। मुंबई 155 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत भी हल्की लड़खड़ाहट भरी रही। राहुल त्रिपाठी जल्दी आउट हो गए। लेकिन कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने आते ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में 53 रन ठोक दिए। वहीं रचिन रविंद्र ने 45 गेंदों में 65 रन की धैर्यपूर्ण पारी खेली।