साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले के लिए चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) पहुंचकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इस बड़े मुकाबले में खेलना उनके लिए बहुत खास अनुभव होगा।
तिलक ईस्ट जोन के खिलाफ फाइनल में अपनी टीम की अगुवाई करेंगे और उनकी कोशिश साउथ जोन को खिताब दिलाने की होगी। तिलक ने चेपॉक के दर्शकों की तारीफ की और इस मैदान से जुड़ी अच्छी यादों का जिक्र किया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) डोमेस्टिक द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में तिलक ने कहा, "हमारी यहां बहुत अच्छी यादें हैं और यह मैदान बहुत ऐतिहासिक रहा है। जब आप चेन्नई आते हैं, तो सबसे पहले माही भाई (एमएस धोनी) का ख्याल आता है। इसके साथ ही, मेरी यहां बहुत अच्छी यादें भी हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "चेन्नई के दर्शक सच में मुझे बहुत सपोर्ट करते हैं। चाहे मैं मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहा हूं या भारत के लिए, दर्शकों ने मुझे बहुत प्यार दिया है। इसी कारण यह मेरे लिए एक अच्छा संकेत है।"