Bangladesh vs Australia 3rd ODI: ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में रविवार (14 जून) को खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को 1 विकेट से हराया। कूपर कोनोली ने 149 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को मुश्किल हालात से उबारा, जिसके चलते टीम ने 275 रन का लक्ष्य 3 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया।
इस मैच में बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने पावरप्ले के अंदर ही दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। सौम्या सरकार 2 रन और तंजीद हसन 19 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान शान्तो भी 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
मध्यक्रम में लिटन दास और तौहीद हिरदॉय ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 107 गेंदों में 92 रन जोड़े। लिटन दास ने 78 गेंदों में 58 रन बनाए, वहीं तौहीद हिरदॉय ने मोसाद्देक हुसैन के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 83 गेंदों में 93 रन की अहम साझेदारी हुई। हिरदॉय ने 88 गेंदों में 83 रन बनाए, जबकि मोसाद्देक हुसैन ने 51 गेंदों में नाबाद 56 रन की उपयोगी पारी खेली। इन पारियों की बदौलत बांग्लादेश ने 50 ओवर में 274 रन बनाए।