कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2026) के क्वालिफायर-2 में गुयाना अमेजन वॉरियर्स (Guyana Amazon Warriors) और जमैका किंग्समेन (Jamaica Kingsmen) के बीच एक ऐसी अजीबोगरीब घटना देखने को मिली, जिसने कुछ देर के लिए मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को भी हैरान कर दिया। गुयाना के युवा ऑलराउंडर मवेन्द्र दिन्द्याल (Mavendra Dindyal) गेंद स्टंप पर लगने के बावजूद रन आउट होने से बच गए।
यह घटना शुक्रवार (18 सितंबर) को बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में गुयाना अमेजन वॉरियर्स की पारी के चौथे ओवर में देखने को मिली। वेस्टइंडीज के युवा 21 वर्षीय अन्कैप्ट ऑलराउंडर मवेन्द्र दिन्द्याल ने आंद्रे रसेल की फुल लेंथ गेंद को स्क्वायर लेग की तरफ खेला और रन के लिए दौड़ पड़े। हालांकि, नॉन-स्ट्राइकर छोर से शाई होप ने उन्हें वापस भेज दिया।
जमैका के फील्डर कीमो पॉल ने गेंद को तेजी से उठाया और एक हाथ से सीधा स्ट्राइकर एंड के स्टंप्स पर शानदार थ्रो कर दिया। जिस समय गेंद स्टंप से टकराई, दिन्द्याल क्रीज से साफ तौर पर बाहर थे। ऐसा लग रहा था कि दिन्द्याल रन आउट हो चुके हैं, लेकिन तभी पूरा मामला पलट गया। गेंद स्टंप पर लगने के बावजूद बेल्स तुरंत नहीं गिरीं। कुछ पल बाद बेल्स नीचे आईं और तब तक दिन्द्याल अपना बल्ला वापस क्रीज के अंदर पहुंचा चुके थे।