इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। उनके स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी अभी भी पूरी तरह से फिट नहीं हो पाए हैं जिसके चलते वो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। धोनी सीएसके के दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मैच के लिए दिल्ली नहीं गए हैं और ये मैच 5 मई को खेला जाना है।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, धोनी अभी भी चेन्नई में ही हैं और अपनी पिंडली की चोट से उबरने के लिए रिहैब से गुजर रहे हैं। ये चोट उन्हें सीज़न की शुरुआत में लगी थी। धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सीज़न में अब तक एक भी मैच नहीं खेला है और उनकी जगह टीम के लिए विकेटकीपिंग की ज़िम्मेदारी संजू सैमसन ने संभाली है। ऐसे में सीएसके के फैंस धोनी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं लेकिन लगता है कि उनका इंतजार और लंबा होने वाला है।
बता दें कि सीएसके के लिए ये सीज़न अब तक मिला-जुला रहा है। मुश्किल शुरुआत के बाद, सीएसके ने पिछले पांच मैचों में लगातार तीन जीत दर्ज की हैं, जिससे वो पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। संजू ने टीम के साथ अपने पहले ही सीज़न में दो शतक लगाकर शानदार प्रदर्शन किया है। इस विकेटकीपर-बल्लेबाज के नाम 9 मैचों में कुल 315 रन दर्ज हैं।