बैटिंग ऑलराउंडर दीपक हुड्डा मौजूदा घरेलू सीजन में अपने घरेलू राज्य बड़ौदा के लिए फिर से खेलने को तैयार हैं। वह 5 साल बाद इस टीम में वापसी कर रहे हैं।
दीपक हुड्डा कप्तान क्रुणाल पांड्या के साथ झगड़े के बाद राजस्थान की टीम में चले गए थे। उन्हें बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने अनुशासनहीनता के कारण निलंबित कर दिया था। उन्होंने 2021 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा के पहले मैच से ठीक पहले टीम होटल और 'बायो-बबल' छोड़ दिया था। इसके साथ ही दीपक ने आरोप लगाया था कि प्रैक्टिस सेशन के दौरान पांड्या ने उनके साथ बदसलूकी की।
बीसीए के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर स्नेहल पारिख ने गुरुवार को बताया कि हुड्डा, पांड्या और एसोसिएशन के बीच पुरानी सभी शिकायतें सुलझा ली गई हैं। उन्होंने 'आईएएनएस' से कहा, "हां, दीपक घरेलू क्रिकेट में फिर से बड़ौदा के लिए खेलने जा रहे हैं। उन्हें बड़ौदा से सब कुछ मिला और अब वे हमारे लिए फिर से खेलने आए हैं। मैं कहूंगा कि कोई समस्या नहीं थी, लेकिन अगर कोई समस्या थी, तो मुझे लगता है कि अब वे सुलझा ली गई हैं।"