महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 5 विकेट झटककर भारतीय स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। अब वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने से सिर्फ 2 विकेट दूर हैं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से हराकर शानदार शुरुआत की। इस जीत की सबसे बड़ी हीरो ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा रहीं, जिन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से पाकिस्तान की बल्लेबाजी लाइनअप को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को दीप्ति ने संभलने का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 10 रन खर्च करते हुए 5 विकेट झटके। यह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके करियर का दूसरा पांच विकेट हॉल भी रहा। उनकी इस शानदार गेंदबाजी ने भारत की जीत को एकतरफा बना दिया।