RCB vs DC, IPL 2026: आईपीएल 2026 के 26वें मुकाबले में अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स ने रजत पाटीदार की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत हासिल कर ली। 6 अंकों के साथ दिल्ली की टीम अब अंक तालिका में गुजरात टाइटंस को पछाड़कर चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने जीत हासिल करने के लिए 176 रनों का लक्ष्य रखा था। RCB के लिए फिल साल्ट ने सर्वाधिक रन बनाए और 38 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्के ठोककर 63 रनों की पारी खेली। बात करें अगर दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज़ों की तो अक्षर पटेल ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया और 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट निकाले। उनके अलावा लुंगी एनगिडी और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट और मुकेश कुमार ने एक विकेट झटका।
इसके बाद जब दिल्ली की टीम 176 रनों का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं रही और उन्होंने पावरप्ले में ही अपने टॉप ऑर्डर को खो दिया। भुवनेश्वर कुमार ने अपने पहले दो ओवरों में गेंद को ऐसा लहराया कि दिल्ली की बैटिंग लाइनअप ही हिल गई। भुवी ने सबसे पहले पारी के पहले ही ओवर में पथुम निस्सांका को 1 रन पर आउट किया और इसके बाद उन्होंने अपने दूसरे ओवर में सीजन का अपना पहला मैच खेल रहे करुण नायर को 5 के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया।