नई दिल्ली, 5 मई (CRICKETNMORE)| दिल्ली कैपिटल्स टीम ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें सीजन के अपने अंतिम लीग मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हराने के बाद फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में मौजूद अपने फैंस के साथ-साथ देश और दुनियाभर में अपने फैंस का शुक्रिया अदा दिया।
खिलाड़ियों ने कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में स्टेडियम का चक्कर लगाया और सबका धन्यवाद किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने दर्शक दीर्घा में टोपियां, टी-शर्ट, बैंड फेंकी। दर्शकों के बीच इन चीजों को लूटने की होड़ मच गई। दर्शकों ने सीटियां बजाकर अपने चहेते खिलाड़ियों का अभिवादन किया और खिलाड़ियों ने तालियां बजाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। दिल्ली की टीम अपने साथ एक बैनर लिए हुए थी, जिस पर लिखा था-थैंक यू दिल्ली।
कैपिटल्स टीम ने इस जीत के सथ आईपीएल अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। दिल्ली की टीम पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। इससे पहले, दिल्ली की टीम छह साल पहले प्लेआफ मं पहुंची थी। इस साल वह बदले हुए नाम के साथ खेलते हुए एक बार फिर यह उपलब्धि हासिल करने में सफल रही है।