इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सीज़न में बुधवार, 8 अप्रैल को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) से होगा। ये दोनों टीमों का तीसरा मैच होगा। DC अब तक एक भी मैच नहीं हारी है, जबकि GT को अभी तक कोई जीत नहीं मिली है। ऐसे में गुजरात की टीम इस मैच में अपना खाता खोलने की पूरी कोशिश करेगी।
हालांकि, इस मैच से पहले मौसम जरूर चिंता का विषय बना हुआ है। आइए आपको बताते हैं कि इस मैच के दौरान मौसम कैसा रहने वाला है? दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मैच से एक दिन पहले, शहर में शाम के समय गरज के साथ बौछारें भी पड़ीं। हालांकि, बारिश ने दोनों टीमों के प्रैक्टिस सेशन में खलल नहीं डाला और मैच के दिन के लिए भी ऐसा ही पूर्वानुमान है।
एक्यूवेदर के अनुसार, दिन में मौसम आंशिक रूप से धूप वाला रहेगा, लेकिन दोपहर में कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि, दिन के समय बारिश की संभावना ज़्यादा है, लेकिन मैच के समय के लिए अच्छी खबर है। मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है और आसमान भी साफ़ रहेगा। मैच के दौरान, तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जो काफी सुहावना होगा।