IPL 2026, Kolkata Knight Riders vs Delhi Capitals: ईडन गार्डन्स में खेले गए आईपीएल 2026 के आखिरी लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 203 रन बनाए, जिसके जवाब में KKR की टीम 163 रन पर सिमट गई। केएल राहुल ने बल्ले से कमाल किया, वहीं कुलदीप यादव और लुंगी एनगिडी ने गेंद से मैच पलट दिया।
इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने अच्छी शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 27 गेंदों में 40 रन जोड़े। पोरेल 18 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन राहुल ने एक छोर संभाले रखा और लगातार रन बटोरते रहे।
राहुल को इसके बाद साहिल परख का साथ मिला और दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 47 रन की अहम साझेदारी की। साहिल परख ने इस दौरान 17 गेंदों में 24 रन जोड़े। वहीं राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 30 गेंदों में 60 रन ठोक दिए। मध्य ओवरों में अक्षर पटेल ने भी तेजी से रन बनाए और 25 गेंदों में 39 रन की अहम पारी खेली।