England vs New Zealand, 3rd Test: न्यूजीलैंड के ओपनिंग बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (Devon Conway) ने इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम के ट्रैंट ब्रिज में खेले जा रहे तीसरे औऱ आखिरी टेस्ट मैच के पहले दिन शानदार पारी खेलकर इतिहास रच दिया। कॉनवे ने 224 गेंदों में 157 रन की पारी खेली, जिसमें 22 चौके और 3 छक्के जड़े।
95 साल के इतिहास में वह न्यूजीलैंड के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने इंग्लैंड की धरती पर एक से ज्यादा बार 150 या उससे ज्यादा रन की पारी खेली है। बता दें कि कॉनवे ने इससे पहले जून 2021 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट मैच में कॉनवे ने 200 रन की पारी खेली थी।
इंग्लैंड में खेले गए टेस्ट मैचों में 150 या उससे ज़्यादा रन की कई पारियां खेलने वाले न्यूज़ीलैंड के एकमात्र दूसरे बल्लेबाज़ पूर्व कप्तान बेवन कॉन्गडन हैं। कॉन्गडन ने जून 1973 में नॉटिंघम टेस्ट में 176 रन बनाए थे और इसके बाद उस महीने ही लॉर्ड्स टेस्ट में 175 रन की पारी खेली थी।