महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को आईपीएल से संन्यास ले लिया। आईपीएल 2027 में वह चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के मेंटर के रूप में नजर आएंगे। धोनी के संन्यास के बाद पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें शानदार आईपीएल करियर के लिए बधाई दी है।
रोहित शर्मा ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए धोनी को बधाई दी। उन्होंने लिखा, "धोनी भाई, शानदार आईपीएल करियर के लिए बधाई। इतने सालों में आपके साथ मैदान पर खेलना और बहुत सारी यादें साझा करना मजेदार रहा। बहुत सम्मान।"
महेंद्र सिंह धोनी (एमएस धोनी) और रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे सफलतम कप्तान हैं। धोनी ने सीएसके को और रोहित ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को 5-5 बार आईपीएल चैंपियन बनाया है। इस दौरान रोहित और धोनी की कप्तानी में सीएसके और एमआई के बीच कई यादगार और रोमांचक मैच भी देखने को मिले हैं। दोनों टीमों ने कुछ सबसे यादगार फाइनल और दबाव वाले मुकाबले खेले हैं।