आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई में हुए खास फैन इवेंट में एक बार फिर टीम के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी का जादू देखने को मिला। जैसे ही धोनी मैदान पर पहुंचे, पूरा स्टेडियम शोर से गूंज उठा। इस दौरान एक फैन का इमोशनल रिएक्शन भी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आईपीएल 2026 के आगाज से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार (22 मार्च) को एमए चिदंबरम स्टेडियम में ‘रोर 2026’ नाम से एक भव्य प्री-सीजन इवेंट आयोजित किया। इस इवेंट में टीम के कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एक साथ नजर आए और फैंस के साथ मिलकर पुरानी यादों को ताजा किया गया।
इस खास मौके पर अंबाती रायडू, मैथ्यू हेडन, मुथैया मुरलीधरन, पार्थिव पटेल, सुरेश रैना, ड्वेन ब्रावो, हरभजन सिंह, जोगिंदर शर्मा, मुरली विजय और लक्ष्मीपति बालाजी जैसे बड़े नाम मौजूद रहे। स्टेडियम पूरी तरह से पीले रंग में रंगा हुआ नजर आया और फैंस का जोश देखने लायक था।