महेंद्र सिंह धोनी के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास की घोषणा के बाद पूरे क्रिकेट जगत से उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर का मानना है कि माही के मेंटॉर बनने से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को उनके बेशकीमती अनुभव का फायदा मिलेगा।
धोनी ने अपने आईपीएल करियर में कुल 278 मैच खेले और 5,439 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने अपनी कप्तानी में सीएसके को 5 बार चैंपियन बनाया। वह 2027 सीजन से टीम के मेंटॉर के रूप में फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े रहेंगे।
मोंटी पनेसर ने 'आईएएनएस' से कहा, "एमएस धोनी ने संन्यास की घोषणा कर दी है और अब वे चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटॉर बनने जा रहे हैं, जो कि वाकई बहुत अच्छी खबर है। कप्तान से मेंटॉर बनने के इस बदलाव से उन्हें आईपीएल मुकाबलों के दौरान खेल को समझने और दबाव में शांत रहने का जो बेशकीमती अनुभव है, उसका फायदा टीम को मिलेगा। इसके अलावा, कुछ फंड भी खाली हो जाएगा, जिसका इस्तेमाल वे किसी युवा और असरदार खिलाड़ी को टीम में शामिल करने के लिए कर सकते हैं। साथ ही धोनी को अब शारीरिक रूप से भी राहत मिलेगी। पिछले साल उनके घुटने और पिंडली में काफी तकलीफ थी। अब उनके पास अपना समय बचाने का मौका है और वे अपने अनुभव का इस्तेमाल चेन्नई सुपर किंग्स को सफल बनाने में कर सकते हैं।"