IND vs SL 2ndTest: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में भारतीय युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल (Dhruv Jurel) ने सोमवार (24 अगस्त) को मुकाबले के दूसरे दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा। उनकी इस पारी ने भारत को पहली पारी में 503 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे जुरेल ने अपनी पारी में 177 गेंदों का सामना किया और नाबाद 115 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 9 चौके और 2 छक्के निकले। इस शतक के साथ ही जुरेल श्रीलंका की धरती पर नंबर-7 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट में शतक लगाने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा हार्दिक पांड्या ने किया था। हार्दिक पांड्या ने 2017 में पल्लेकेले में खेले गए तीसरे टेस्ट में नंबर-8 पर बल्लेबाजी करते हुए 96 गेंदों में 108 रन की तूफानी पारी खेली थी।
यही नहीं, जुरेल अब विदेशी जमीन पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मुकाबले में नंबर-7 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए भारत के लिए शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं। इस खास लिस्ट में उनसे पहले रवींद्र जडेजा और नितीश कुमार रेड्डी का नाम था। जडेजा ने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में नंबर-7 पर बल्लेबाजी करते हुए 104 रन बनाए थे। वहीं नितीश कुमार रेड्डी ने 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट की पहली पारी में नंबर-8 पर उतरकर 114 रन की शानदार पारी खेली थी।