टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा ने अभी तक 4 मैच खेले हैं और वो सभी मैचों में बुरी तरह फ्लॉप रहे हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सुपर 8 मैच में भी उनसे काफी उम्मीदें थी लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में भी वो फ्लॉप रहे और भारत की हार का मुख्य कारण साबित हुए। हालांकि, खराब फॉर्म के बावजूद, भारतीय टीम मैनेजमेंट ने इस युवा खिलाड़ी का साथ देना जारी रखा है।
भारत साउथ अफ्रीका से मैच हारने के बाद काफी मुश्किल में है। यहां से एक और मैच में हार और भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा ऐसे में अभिषेक शर्मा का जिम्बाब्वे के खिलाफ चलना बहुत जरूरी होगा। हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले अभिषेक के लिए एक अजीब सलाह सामने आई है। इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर ने अभिषेक के फॉर्म को लेकर चल रही चर्चा में एक मज़ेदार मोड़ ला दिया है।
पनेसर ने मज़ाक में कहा कि ओपनर को लाल ‘पटका’ पहनकर मैदान पर नहीं जाना चाहिए। पनेसर ने न्यूज 18 से बात करते हुए कहा, “इन हालात में अभिषेक शर्मा का साथ दिया जाना चाहिए। लेकिन वो लाल पटका जो तुमने पहना हुआ है, उसे उतार दो। शायद उसी से उसके रन रुक रहे हैं। जिस भी ज्योतिषी ने तुम्हें वो पहनने के लिए कहा है, बस उसकी बात मत सुनो। छोड़ दो। अपने सिर पर कुछ मत रखो। बस हेलमेट पहनो, बल्ला उठाओ और देखो कि तुम कितने रन बनाते हो।”