शाहबाज अहमद के शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन की बदौलत ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल-1 में नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ पारी और 210 रन से जीत हासिल की। अब यह टीम 'सेमीफाइनल-1' में सेंट्रल जोन से भिड़ेगी। यह मुकाबला 30 अगस्त से खेला जाएगा।
बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 2 पर खेले गए मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन ने अपनी पहली पारी में 467 रन बनाए। इस टीम ने 25 के स्कोर तक दो विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद सुदीप कुमार ने कुमार कुशाग्र के साथ तीसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 117 रनों तक पहुंचाया।
कुशाग्र 9 चौकों के साथ 55 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद टीम ने 138 के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिए। यहां से शाहबाज अहमद ने सुदीप के साथ छठे विकेट के लिए 150 रन, जबकि अनुकूल रॉय के साथ सातवें विकेट के लिए 103 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।