Duleep Trophy Semifinal: दलीप ट्रॉफी 2026 में साउथ जोन और नॉर्थ जोन के बीच बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 में जारी सेमीफाइनल-2 रोमांचक मोड़ पर है। अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी नॉर्थ जोन की टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 7 विकेट खोकर 256 रन बना लिए हैं। टीम के पास फिलहाल 139 रन की बढ़त है। ऐसे में साउथ जोन मुकाबले के अंतिम दिन विपक्षी टीम को जल्द समेटकर आसान लक्ष्य हासिल करना चाहेगी।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी नॉर्थ जोन पहली पारी में 195 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 18 के स्कोर तक पहला विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद कामरान इकबाल ने आयुष दोसेजा (23) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद नॉर्थ जोन बिखरने लगी। आलम ये रहा कि 95 के स्कोर तक चौथा विकेट भी गिर गया।
इसके बाद कामरान ने कप्तान कन्हैया वधावन (35) के साथ पांचवें विकेट के लिए 66 रन जुटाकर टीम को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया। कामरान 11 बाउंड्री के साथ 76 रन बनाकर आउट हुए। विपक्षी खेमे से विद्वथ कावेरप्पा ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि एम. निधीश और तनय त्यागराजन ने 2-2 विकेट झटके।