PAK vs SL 2nd Test: पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में जारी टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। पहली पारी के आधार पर 227 रन की बढ़त हासिल करने के बाद पाकिस्तान ने श्रीलंका की दूसरी पारी में 74 के स्कोर पर 3 विकेट हासिल कर लिए हैं।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 35.3 ओवरों में 98 रन पर ढेर हो गई, जो रावलपिंडी में किसी टेस्ट पारी का अब तक का न्यूनतम स्कोर है।
श्रीलंका को महज 6 के स्कोर पर पसिंदु सोरियाबंदरा (2) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि 36 रन तक श्रीलंका के 5 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद कुसल मेंडिस ने सोनल दिनुषा के साथ छठे विकेट के लिए 49 रन जुटाकर मेहमान टीम को 85 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इसके बाद टीम के खाते में सिर्फ 13 ही रन जुड़ सके।