ENG vs PAK 1st Test: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच हेडिंग्ले टेस्ट के दूसरे दिन मैदान पर क्रिकेट से अलग एक मजेदार नजारा देखने को मिला। एक दर्शक अपने लिए चार बीयर लेकर सीट की तरफ लौट रहा था, लेकिन रास्ते में उसके साथ ऐसी गड़बड़ हो गई कि सारी बीयर जमीन पर गिर गई। इस घटना ने स्टेडियम में बैठे दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन गुरुवार (20 अगस्त) को बारिश के कारण खेल काफी देर से शुरू हुआ। हालांकि, मैच शुरू होने के बाद मैदान पर क्रिकेट के साथ-साथ एक ऐसा मजेदार वाकया भी देखने को मिला, जिसने कुछ देर के लिए दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
इंग्लैंड की पहली पारी के 34वें ओवर के दौरान एक दर्शक कैमरे में कैद हुआ। वह चार बीयर के चार गिलास लेकर अपनी सीट की तरफ लौट रहा था। उसने गिलास एक कार्डबोर्ड होल्डर में रखे हुए थे और उन्हें संभालकर आगे बढ़ रहा था।