ENG vs PAK Test: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले मेजबान टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स (Brydon Carse) नाइट क्लब से जुड़े विवाद के बाद टीम से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ( ECB) ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच पूरी होने तक कार्स चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
दरअसल ब्रायडन कार्स को शनिवार (22 अगस्त) को डर्बीशायर के एक नाइट क्लब के बाहर पुलिस के साथ देखा गया था। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वह हथकड़ी में नजर आए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें हिरासत में लिया गया था, हालांकि बाद में उन्हें बिना किसी आरोप के छोड़ दिया गया।
इस घटना के बाद ECB ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। कार्स पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे और इसी वजह से उन्हें काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए डरहम के साथ जुड़ने की अनुमति दी गई थी। इसी दौरान यह घटना सामने आई।