टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 29वें मुकाबले में इंग्लैंड ने इटली को 24 रनों से हराकर टूर्नामेंट के सुपर-8 स्टेज के लिए क्वालिफाई कर लिया है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 202 रन बनाए थे जिसके जवाब में इटली की टीम 20 ओवर खेलने के बाद सिर्फ 178 रन ही बना पाई और इंग्लैंड ने ये मैच 24 रनों से जीत लिया।
इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और बल्लेबाजों के मिले जुले प्रदर्शन के बाद इंग्लिश टीम निर्धारित 20 ओवरों में 202 रन बनाने में सफल रही। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन विल जैक्स (53) ने बनाए। हालांकि, इंग्लैंड की शुरुआत काफी खराब रही और जोस बटलर सिर्फ 3 के स्कोेर पर आउट हो गए। इसके बाद फिल सॉल्ट ने आउट होने से पहले तेजी से 28 रन बनाए जबकि जेकब बेथल ने भी 23 रनों का योगदान दिया।
इंग्लैंड के लिए टॉम बैंटन (30), सैम करन (25), विल जैक्स (53*) और जेमी ओवर्टन ने भी 15 रनों का योगदान दिया जिसके चलते इंग्लिश टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 202 रन बनाने में सफल रही। इटली के लिए ग्रांट स्टुअर्ट और क्रिशन कलुगामागे ने 2-2 विकेट लिए। एक बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने इटली को दो झटके दे डाले।