भारत ने रोमांच से भरे अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। आखिरी गेंद पर मोहित उल्वा ने शानदार चौका लगाकर भारतीय टीम को यादगार जीत दिलाई। टीम के उप-कप्तान यशवर्धन चौहान का कहना है कि वह शॉट अब हमेशा के लिए उनकी यादों में बस गया है।
यशवर्धन ने 'आईएएनएस' के साथ एक खास बातचीत में कहा, "आखिरी गेंद पर मोहित उल्वा का वो शॉट - अगर मैं चाहूं भी, तो उसे कभी नहीं भूल सकता। वह पल जिंदगी भर मेरे दिमाग में रहेगा। यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि थी। मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता। हमने जिस तरह से यह मैच जीता, वह लगभग नामुमकिन था। बस अब यह जिंदगी भर याद रहेगा।"
अल अमरात में खेले गए इस मैच में एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत के लिए जीत बहुत मुश्किल है। भारत 338 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहा था और 252/8 के स्कोर पर संघर्ष कर रहा था, तभी मनाल चौहान ने आक्रामक बल्लेबाजी शुरू की और 47 रन बनाए। डगआउट में बैठे उप-कप्तान यशवर्धन चौहान ने बताया कि भारतीय टीम के खिलाड़ी और बाकी सदस्य अपनी जगह से हिलने की हिम्मत भी नहीं कर पा रहे थे।