MSG vs TRE, The Hundred Men's 2026: द हंड्रेड 2026 का 14वां मुकाबला बीते शुक्रवार, 31 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था जहां ट्रेंट रॉकेट्स (Trent Rockets) ने 138 रनों का लक्ष्य हासिल करके मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (Manchester Super Giants) को 6 विकेट से माद दी। इस मुकाबले के हीरो फिन एलन (Finn Allen) रहे जिन्होंने 205.71 की स्ट्राइक रेट से नॉट आउट 72 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
इस मुकाबले में ट्रेंट रॉकेट्स ने ही टॉस जीतकर मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी की 100 गेंदों पर 3 विकेट खोकर 137 रन बनाए। उनके लिए जोस बटलर (37 गेंदों पर नाबाद 55 रन) और ल्यूस डू प्लॉय (28 गेंदों पर नाबाद 40 रन) ने शानदार पारी खेली। बात करें अगर ट्रेंट रॉकेट्स के गेंदबाज़ों की तो सिर्फ क्रेग ओवरटन ही सफलता हासिल कर पाए। उन्होंने 20 गेंदों पर 10 रन देकर 3 विकेट झटके।
यहां से अब ट्रेंट रॉकेट्स के सामने जीत हासिल करने के लिए 138 रनों का लक्ष्य था जिसका पीछा करते हुए फिन एलन ने एक छोर संभाला और तूफानी अंदाज में 35 गेंदों पर नाबाद 72 रनों की मैच विनिंग इनिंग खेली। उन्होंने 11 चौके और 2 छक्के लगाकर ये रन बनाए।