ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड (AUS vs NZ) के खिलाफ वर्ल्ड कप 2023 (ICC Cricket World Cup 2023) के 27वें मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 388 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। इस मैच में कंगारू टीम के लिए जहां ट्रेविस हेड ने तूफानी शतक लगाया तो वहीं, डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल ने भी शानदार पारियां खेली।
बीच के ओवरों में ऑस्ट्रेलिया की पारी धीमी हो गई थी लेकिन 35 ओवरों के बाद मैक्सवेल ने एक बार फिर से गेयर बदले और ऑस्ट्रेलिया का रनरेट बढ़ा दिया। मैक्सवेल ने आउट होने से पहले 24 गेंदों में 41 रनों की तूफानी पारी खेली और इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 2 छक्के भी देखने को मिले। इन 2 में से एक छक्का तो इतना लंबा था कि वो टूर्नामेंट का सबसे लंबा छक्का साबित हुआ।
मैक्सवेल ने ये छक्का 43वें ओवर की तीसरी गेंद पर लगाया जब मिचेल सैंटनर ने गेंद थोड़ी धीमी गति से ऑफ स्टंप के बाहर डाली लेकिन मैक्सवेल ने क्रीज़ से बाहर निकलकर गेंद को बिल्कुल सीधे लंबे छक्के के लिए भेज दिया। मैक्सवेल का ये छक्का स्टेडियम की छत पर जाकर गिरा जिसकी दूरी 104 मीटर थी जोकि इस वर्ल्ड कप का सबसे लंबा छक्का था। इस छक्के का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।