IND Vs NZ 2nd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार (24 अक्टूबर) को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में मैदान पर एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) ने जोरदार छक्का लगाया तो स्टैंड में मौजूद एक दर्शक ने गेंद को पकड़ने के लिए अपनी जगह से छलांग लगा दी।
यह वाकया न्यूजीलैंड की पारी के 15वें ओवर में हुआ, जब भारतीय स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की पहली गेंद पर फिलिप्स ने बैकफुट से बड़ा शॉट खेला और गेंद को लॉन्ग ऑन के उपर से काफी दूर पहुंचा दिया। गेंद बाउंड्री के पार जा रही थी, तभी उसे पकड़ने की कोशिश में वहां बैठे एक दर्शक ने अपनी जगह से छलांग लगा दी।
लेकिन गेंद को लपकने के चक्कर में फैन अपना संतुलन नहीं संभाल पाया और फेंसिंग के पार गिर गया। वह बाउंड्री के पीछे लगे विज्ञापन बोर्ड के पास जा पहुंचा। वहां मौजूद लोगों के बीच इस घटना को देखकर हंसी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दर्शक को कोई चोट नहीं आई।