एडिलेड में खेले गए तीसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर ग्रेस हैरिस के साथ मैदान पर बेहद अजीब घटना देखने को मिली। उन्होंने शॉट तो बाउंड्री के लिए खेला, लेकिन साथ ही खुद अपने ही स्टंप्स पर पैर रख बैठीं। यह घटना उस समय देखने को मिली, जिस समय टीम को तेज फिनिश की जरूरत थी और उसी वक्त यह बड़ा झटका लग गया।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शनिवार (21 फरवरी) को एडिलेड में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में एक ऐसा पल आया, जिसे देखकर खिलाड़ी भी हैरान रह गए और फैंस भी। ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर ग्रेस हैरिस 17वें ओवर की पहली गेंद पर हिट विकेट होकर आउट हो गईं, वो भी तब जब उन्होंने गेंद को बाउंड्री की ओर भेज दिया था।
ऑस्ट्रेलिया उस समय 177 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 130/6 पर था और जीत के लिए 47 रन की जरूरत थी। भारतीय स्पिनर श्री चरणी की लेंथ गेंद पर हैरिस ने स्लॉग स्वीप खेलने के लिए क्रीज के अंदर गहराई तक जाकर शॉट खेला और गेंद अच्छी तरह कनेक्ट भी हुई।