इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का फाइनल आज यानि रविवार, 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:30 बजे से शुरू होगा लेकिन मैच से पहले कुछ फैंस के मन में मौसम को लेकर सवाल बना हुआ है तो चलिए आपको बताते हैं कि मैच के समय मौसम कैसा रहने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार, फ़ाइनल के दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रहेगा। तापमान में इस भारी बदलाव के कारण, टॉस जीतने वाली टीमें शायद लक्ष्य का पीछा करना पसंद करेंगी, क्योंकि मैच के दूसरे हाफ में ओस पड़ने की संभावना है। मैच के दौरान बारिश की संभावना बहुत कम बताई गई है जिसका मतलब है कि फैंस को पूरे 40 ओवर का खेल देखने को मिल सकता है। अगर बारिश आती भी है तो भी इस मैच के लिए रिजर्व डे रखा गया है।
गौरतलब है कि IPL के मौजूदा सीजन में इन दोनों टीमों की कुल तीन बार टक्कर हुई है जिसमें से दो बार RCB ने जीत हासिल की। बात करें इनके बीच हुए आखिरी मुकाबले की तो वो धर्मशाला के मैदान पर खेला गया था जिसे बेंगलुरु ने 254 रन डिफेंड करके 92 रनों से जीता। इस मुकाबले में रजत पाटीदार ने 33 गेंदों पर नाबाद 93 रनों की तूफानी पारी खेली थी।