रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच से पहले मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या सुर्खियों में हैं और फैंस उनकी काफी तारीफ भी कर रहे हैं। दरअसल, रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए अपने 15 साल पूरे कर लिए और इसी मौके पर हार्दिक पांड्या ने टीम के ड्रेसिंग रूम में हिटमैन के लिए एक दिल छू लेने वाला मैसेज देकर सबका दिल जीत लिया।
रोहित को साल 2011 में, मुंबई इंडियंस ने 2 मिलियन USD में साइन किया था। उन्होंने 10 अप्रैल, 2011 को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) के खिलाफ MI के लिए अपना डेब्यू किया था। इस दौरान 15 साल पूरे करने के चलते हार्दिक ने रोहित को बधाई दी और पिछले कुछ सालों में पांच बार की चैंपियन टीम के लिए उनकी लीडरशिप और प्रेरणा के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
MI द्वारा अपलोड किए गए एक वीडियो में हार्दिक ने कहा, "भाई, 15 साल पूरे होने पर बधाई। इतने लंबे समय तक इस फ्रेंचाइजी को जिस तरह से आपने लीड किया है, उसके लिए आपका शुक्रिया। मैंने आपके अंडर ही डेब्यू किया था और बूम (जसप्रीत बुमराह) और कई दूसरे खिलाड़ियों ने भी आपके अंडर ही डेब्यू किया। उन सभी खिलाड़ियों को प्रेरित करने के लिए आपका शुक्रिया, जिन्होंने इस फ्रेंचाइजी और भारत, दोनों का प्रतिनिधित्व किया है। आप न सिर्फ एक लीडर के तौर पर, बल्कि एक इंसान के तौर पर भी कमाल के रहे हैं। हमेशा मिलनसार, खुले विचारों वाले और हमेशा आगे बढ़कर लीड करने वाले। बहुत-बहुत बधाई और पिछले कुछ सालों में आपने जो कुछ भी किया है, उसके लिए आपका शुक्रिया।"
Moment hai bhai, moment hai! pic.twitter.com/FjAQfOMofY
— Mumbai Indians (@mipaltan) April 11, 2026