भारत के 14 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी अक्सर सोशल मीडिया पर अपने कारनामों और उम्र के चलते छाए रहते हैं और इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ जिसके चलते वो सोशल मीडिया पर छा गए हैं। दरअसल, एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वैभव सूर्यवंशी ने इस साल अपनी CBSE क्लास 10 की बोर्ड परीक्षा छोड़ने का फैसला किया है।
14 साल का ये लड़का जूनियर इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए सुर्खियों में रहा है। वैभव ने हाल ही में ICC अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था और अब पूरी तरह से क्रिकेट पर ध्यान देने के लिए उन्होंने अपनी 10वीं की परीक्षा छोड़ने का फैसला किया है। उनकी ट्रेनिंग, कैंप और राजस्थान रॉयल्स के साथ इंडियन प्रीमियर लीग में आने वाले सीजन का मतलब है कि वो लंबे समय तक घर और स्कूल से दूर रहेंगे, जिससे उनकी परीक्षा की तैयारी पर असर पड़ा है।
इस वजह से, उन्होंने और उनके परिवार ने फैसला किया कि उन्हें इस साल बोर्ड परीक्षा छोड़ देनी चाहिए। सूर्यवंशी पहले ही परीक्षा के लिए रजिस्टर हो चुके थे और उनका एडमिट कार्ड जारी हो चुका था और परीक्षा केंद्र भी तय हो चुका था। हालांकि, उनके इंटेंस क्रिकेट शेड्यूल को आखिरकार प्रायोरिटी मिल गई है और वो अब इस परीक्षा के लिए नहीं जाएंगे।