WI vs BAN 2nd Test: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के युवा तेज गेंदबाज हसन महमूद (Hasan Mahmud) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में इतिहास रच दिया है। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले की पहली पारी में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट हासिल किए।
27 साल के हसन महमूद ने वेस्टइंडीज की पहली पारी में 24 ओवर गेंदबाजी की और 90 रन देकर छह बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनकी इस शानदार गेंदबाजी के चलते कैरेबियाई टीम पहली पारी में 356 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। हसन का यह टेस्ट क्रिकेट में पांचवां पांच विकेट हॉल था और इसके साथ ही अब वह टेस्ट क्रिकेट में पांच बार पांच विकेट लेने का कारनामा करने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में अपनी टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शहादत हुसैन को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में चार बार एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया था।
खास बात यह है कि उन्होंने पहली बार अपनी घरेलू जमीन पर एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट हासिल किए हैं। बांग्लादेश के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा पांच विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शाकिब अल हसन और तैजुल इस्लाम 19-19 बार इस उपलब्धि को हासिल कर चुके हैं। वहीं, मेहदी हसन मिराज के नाम 15 पांच विकेट हॉल दर्ज हैं। मोहम्मद रफीक ने सात बार यह कारनामा किया है।