Hayley Matthews Record: आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) का 22वां मुकाबला बीते बुधवार, 24 जून को लंदन के आइकॉनिक स्टेडियम लॉर्ड्स में खेला गया था जहां वेस्टइंडीज की कैप्टन और दिग्गज ऑलराउंडर हेली मैथ्यूज (Hayley Matthews ) ने इंग्लैंड का सिर्फ एक विकेट लेकर इतिहास रच दिया। गौरतलब है कि हेली मैथ्यूज अब वेस्टइंडीज के लिए टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज़ बन गईं हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि 28 वर्षीय हेली मैथ्यूज ने इंग्लैंड के खिलाफ साल 2026 के टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में पूरे 4 ओवर गेंदबाज़ी की और विपक्षी टीम को 32 रन देकर उनका 1 विकेट चटकाया। हेली ने इंग्लिश ऑलराउंडर फ्रेया कैंप को बोल्ड करके आउट किया जो कि उनके T20I करियर का 126वां विकेट है।
खास बात ये है कि इसी के साथ हेली मैथ्यूज ने अनीसा मोहम्मद का पांच साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है और वो अब वेस्टइंडीज के लिए महिला टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज़ बन गई। ध्यान दें कि अनीसा ने वेस्टइंडीज के लिए 117 टी20 मैचों में 125 विकेट चटकाए हैं, वहीं हेली मैथ्यूज ने 125 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 126 विकेट अपने नाम कर चुकी हैं।