आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स ने CSK को एकतरफा अंदाज में हराकर उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। एकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मिचेल मार्श ने ऐसी तूफानी बल्लेबाजी की कि चेन्नई के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्श ने शुरुआत से ही हमला बोल दिया। उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में 90 रन ठोक दिए, जिसमें 9 चौके और 7 लंबे छक्के शामिल रहे। लखनऊ की इस जीत के बाद उनकी पोजिशन पर तो कोई फर्क नहीं पड़ा लेकिन इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर पहुंच गई है। टीम के अब सिर्फ दो मैच बचे हैं। रुतुराज गायकवाड़ की टीम को एक मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ और दूसरा गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेलना है। फिलहाल CSK के 12 मैचों में 12 पॉइंट्स हैं। अब अगर चेन्नई अपने दोनों मैच जीत जाती है, तो उसके 16 पॉइंट्स हो जाएंगे और प्लेऑफ की उम्मीद काफी मजबूत हो जाएगी। हालांकि सिर्फ जीतना ही काफी नहीं होगा। टीम को दूसरी टीमों के रिजल्ट्स पर भी नजर रखनी पड़ेगी। पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के नतीजे भी CSK की किस्मत तय करेंगे। फिलहाल चेन्नई के लिए समीकरण थोड़ा मुश्किल जरूर हो गया है, लेकिन उम्मीदें अभी भी जिंदा हैं। अगर टीम अगले दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करती है, तो प्लेऑफ का टिकट लगभग पक्का माना जा सकता है। ऐसे में फैंस यही उम्मीद करेंगे कि इस हार को भुलाकर खिलाड़ी एक बार फिर से एकजुट हों और अगले दोनों मैच जीतने पर फोकस करें।