साल 2018 में साउथ अफ्रीका दौरे पर गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते पकड़े गए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने आरोप लगाया है कि पूरी टीम को इस बॉल-टेम्परिंग की जानकारी थी। उनका दावा है कि इस घटना के लिए, जिसमें शुरू में केवल तीन खिलाड़ियों को सजा मिली थी, अंततः उन्हें ही 'बलि का बकरा' बना दिया गया।
बैनक्रॉफ्ट ने इस विवाद पर अपनी 8 साल की चुप्पी तोड़ते हुए खुलासा किया कि उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान कुछ अहम बातें छिपा ली थीं। साथ ही उन्होंने अपने पूर्व साथियों द्वारा बताई गई घटना की कहानी पर भी सवाल उठाए हैं। केप टाउन टेस्ट के बाद की स्थिति को याद करते हुए बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया कि पूरी टीम की मीटिंग में किसी ने भी यह नहीं कहा कि उन्हें सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में पता नहीं था। उन्होंने विकेटकीपर पीटर हैंड्सकॉम्ब की भूमिका की ओर भी इशारा किया, जो कैमरे में कैद हो गए थे। यह इस बात का सबूत है कि ड्रेसिंग रूम में मौजूद लोगों को इस पूरी साजिश के बारे में पता था।
'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' के लिए लिखे 4 हजार शब्दों के सनसनीखेज कॉलम में बैनक्रॉफ्ट ने कहा, "जब मुझे पकड़ा गया, तो ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान पीटर हैंड्सकॉम्ब बाहर आए और सैंडपेपर को मेरी पैंट के अंदर डाल दिया। उन्होंने मुझसे कहा, 'मुझे लगता है कि अब इसे तुमसे ले लेने का समय आ गया है'। और पीटर अपना काम कर रहे थे, क्योंकि कोच ने वॉकी-टॉकी पर चिल्लाकर उनसे कहा था, 'जल्दी से बैनक्रॉफ्ट के पास से वह सैंडपेपर हटाओ'।"