भारत के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का कोई भी खिलाड़ी उस मुकाम तक नहीं पहुंच पाएगा, जो एमएस धोनी ने इस फ्रेंचाइजी के लिए हासिल किया है। उन्होंने कहा कि इस दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज की विरासत बेजोड़ है।
मंगलवार को सीएसके ने घोषणा की कि धोनी अब आईपीएल में बतौर खिलाड़ी नहीं खेलेंगे, लेकिन वह टीम के साथ मेंटर के तौर पर जुड़े रहेंगे। पठान ने 'जियोस्टार' पर कहा, "एमएस धोनी की विरासत बेजोड़ है, इसमें कोई शक नहीं है। क्रिकेट के मैदान पर उन्होंने जो कुछ किया, पीली जर्सी में जिस तरह का प्रदर्शन किया और मैच को आखिरी तक ले जाकर उसे फिनिश किया।"
पठान ने आगे कहा, "मुझे नहीं लगता कि चेन्नई सुपर किंग्स को कभी उनके जैसा कोई और खिलाड़ी मिल पाएगा। आप इसे उनकी मेंटरशिप में भी देखेंगे। वह टीम के साथ जुड़े रहेंगे, मैदान पर भी टीम से संपर्क में रहेंगे और अपना योगदान देते रहेंगे। मगर एक खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने जो विरासत बनाई है, वह बेजोड़ है। इसकी बराबरी करना या इसे पीछे छोड़ना बहुत मुश्किल होगा।"