IPL 2026, Royal Challengers Bengaluru vs Chennai Super Kings: आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाजों ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए रन बरसा दिए। मध्य ओवरों में देवदत्त पडिक्कल और रजत पाटीदार ने पारी को मजबूती दी। आखिरी ओवरों में टिम डेविड ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी कर स्कोर को 250 रन तक पहुंचा दिया।
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 11वां मुकाबला रविवार (5 अप्रैल) को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने 30 गेंदों में 46 रन बनाए, वहीं विराट कोहली ने 18 गेंदों में तेज 28 रन जोड़े। इसके बाद मध्य ओवरों में देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने पारी को संभाला और तेजी से रन जोड़े। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 58 रन की अहम साझेदारी की। पडिक्कल ने 29 गेंदों में 50 रन की शानदार पारी खेली, जबकि पाटीदार ने भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी।