ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस ने शुक्रवार को पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों के उस पिटीशन का समर्थन किया, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल भी शामिल हैं। इस पिटीशन में जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान के क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान इमरान खान के इलाज और कोर्ट के बताए अनुसार सही मेडिकल केयर की मांग की गई है।
कमिंस ने शुक्रवार को अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा, "मैं चैपल और दूसरे पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों को अपना समर्थन देता हूं। मुझे उम्मीद है कि कोर्ट के आदेश पर मेडिकल टीम को अपना काम करने दिया जाएगा, और फैमिली विजिट जारी रहेंगी। मुझे उम्मीद है कि इमरान खान के साथ वैसी ही इज्जत से पेश आया जाएगा, जिसके वे हकदार हैं।"
चैपल द्वारा उठाई गई और पाकिस्तान के वर्तमान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को भेजी गई पिटीशन पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तानों सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर का भी हस्ताक्षर है। पिटीशन पर सर एलेस्टेयर कुक, माइकल एथरटन, स्टीव वॉ, एडम गिलक्रिस्ट और नासिर हुसैन के भी हस्ताक्षर हैं।