आईपीएल 2026 में संजू सैमसन का बल्ला लगातार दूसरे मुकाबले में खामोश नजर आया। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए वह एक बार फिर सस्ते में आउट हो गए। अच्छी शुरुआत के बाद अगली ही गेंद पर विकेट गंवाना उनकी परेशानी बढ़ा रहा है। फैंस को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन अभी तक वह लय में नहीं दिखे हैं।
आईपीएल 2026 के सातवां मुकाबला शुक्रवार (3 अप्रैल) को चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा। इस मैच में सैमसन की खराब फॉर्म एक बार फिर जारी रही। सीएसके के लिए उसके घरेलू मैदान पर खेले जा रहे पहले मैच में ओपनिंग करने उतरे सैमसन से इस मैच में बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह फिर से निराश कर गए। उन्होंने एक शानदार चौका जरूर लगाया, लेकिन इसके तुरंत बाद अगली ही गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने पारी के दूसरे ही ओवर में बेहतरीन प्लान के साथ गेंदबाजी करते हुए सैमसन को फंसाया। पिछली गेंद पर चौका खाने के बाद उन्होंने अगली गेंद को थोड़ा शरीर के करीब रखा, जिससे सैमसन को शॉट खेलने में दिक्कत हुई। गेंद हल्की सी बाहर की ओर निकली और सैमसन ने उसे खेलने की कोशिश की, लेकिन बल्ले का किनारा लग गया। विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह ने पीछे कोई गलती नहीं की और आसान कैच पकड़ लिया। इस तरह सैमसन सिर्फ 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।